*स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत आज 2 अक्टूबर को स्वच्छता मैराथन का आयोजन, सभी में दिखा उत्साह*

*समाहरणालय परिसर से सिंगरा अमानत नदी तट तक दौड़ें अधिकारी व युवा, स्वच्छता व पौधारोपण के कार्यक्रम भी हुए*

*कूड़ा-कचरा या अनउपयोगी वस्तुओं को जहां-तहाँ नहीं फेंके, डस्टबिन में ही डालें :उपायुक्त*

‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आज 2 अक्टूबर 2026 को पलामू में स्वच्छता मैराथन का आयोजन किया गया। स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली और जनभागीदारी का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित इस मैराथन में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मैराथन का नेतृत्व करते हुए पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने महज 48 मिनट में ही 9 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर एक प्रेरक मिसाल कायम की। प्रशासनिक दायित्वों की व्यस्तता के बीच इतनी लंबी दूरी को निर्धारित समय में पूरा करना उनके लिए निश्चित रूप से उल्लेखनीय रहा। उनकी गति, उत्साह और फिटनेस को देखकर मैराथन में सहभागी बने लोग भी हतप्रभ रह गए और उनके उत्साह की सराहना करते नजर आए।

उपायुक्त ने केवल मैराथन का नेतृत्व ही नहीं किया, बल्कि स्वयं प्रतिभागी की तरह पूरी दौड़ पूरी की। उनकी सक्रिय भागीदारी ने प्रतिभागियों में भी जोश और उत्साह का संचार किया। उन्होंने अपने इस प्रयास के माध्यम से यह संदेश दिया कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों के निर्वहन के साथ-साथ स्वास्थ्य, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति सजग रहना भी आवश्यक है।

महात्मा गांधी की जयंती पर आयोजित इस स्वच्छता मैराथन ने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे स्वस्थ जीवन और जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश दिया।

  *समाहरणालय परिसर से हुई शुरूआत*

मैराथन की शुरूआत पलामू के प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर के समाहरणालय परिसर से हुई। इसकी शुरुआत  जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं अन्य पदाधिकारियों ने की। उपायुक्त के नेतृत्व में जिला प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी समाहरणालय परिसर से मेदिनीनगर नगर निगम के वार्ड संख्या एक सिंगरा के अंतिम छोर अमानत नदी के तट तक दौड़ लगाएं।


*स्वच्छता अभियान व पौधरोपण*
मैराथन के समापन के पश्चात सिंगरा स्थित अमानत नदी तट पर स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां उपायुक्त सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिभागियों ने नदी तट की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

स्वच्छता को लेकर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बिना झिझक खुद भी नदी किनारे पड़े कूड़ा व अन उपयोगी वस्तुओं को उठाकर लोगों के बीच सकारात्मक संदेश दिया। उनके साथ सभी ने स्वच्छता अभियान के तहत कूड़ा को डस्टबिन में डालकर उचित निपटान किया।

उपायुक्त ने  सभी लोगों से कूड़ा-कचरा उठाने की अपील की उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने मन में ठान लें कि सार्वजनिक स्थलों पर अथवा इधर-उधर कूड़ा-कचरा या अनउपयोगी वस्तुओं को जहां-तहाँ नहीं फेंके। उन्होंने कहा कि कूड़ा-कचरा अथवा अनउपयोगी वस्तुओं को डस्टबिन में ही डालें, ताकि उसका सही निपटान करते हुए स्वच्छ पलामू, स्वस्थ पलामू की परिकल्पना को साकार किया जा सके। 

मैराथन में पलामू जिला प्रशासन के पदाधिकारी, कर्मी के साथ-साथ शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, खिलाड़ियों, युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, युवा एवं आम नागरिकों ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *