विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत लातेहार जिले में चल रहे डिजिटाइजेशन कार्य को लेकर उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार ने आज राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भूसुर स्थित मतदान केंद्र संख्या 255/256 का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्र पर संचालित SIR डिजिटाइजेशन कैंप का अवलोकन करते हुए अब तक किए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित बीएलओ एवं कर्मियों से प्राप्त Enumeration Forms, दस्तावेजों के सत्यापन तथा डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि SIR के तहत प्राप्त सभी प्रपत्रों एवं संबंधित अभिलेखों का नियमानुसार सत्यापन करते हुए डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित तरीके से पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि डिजिटाइजेशन के दौरान दर्ज किए जा रहे विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी मतदाता का विवरण गलत दर्ज न हो। साथ ही, आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रपत्रों के सुरक्षित संधारण पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने मौके पर उपस्थित संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को SIR कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके पश्चात भूसुर पंचायत अंतर्गत निर्माणाधीन हॉकी स्टेडियम, स्विमिंग पूल, एडमिनिस्ट्रेशन बिल्डिंग, मल्टीपरपस हॉल, कमर्शियल ट्रेनिंग सेंटर, छात्रावास एवं लाइब्रेरी के कार्य प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, प्रखंड विकास पदाधिकारी लातेहार मनोज कुमार तिवारी, बीएलओ एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *