रांची: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रविवार को जामताड़ा के नारायणपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र की सत्ताधारी भाजपा पर तीखा हमला बोला और परिसीमन को लेकर गंभीर आशंकाएं जताईं। उन्होंने कहा कि जिस तरह द्वितीय विश्व युद्ध में हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बम गिरने से भारी तबाही हुई थी, ठीक वैसे ही भाजपा द्वारा प्रस्तावित परिसीमन देश के लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और आने वाली पीढ़ियों के राजनीतिक अधिकारों के लिए परमाणु बम से भी अधिक घातक साबित हो सकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रक्रिया महज लोकसभा सीटों के पुनर्निर्धारण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे आदिवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और क्षेत्रीय दलों की राजनीतिक ताकत को कमजोर करने की सोची-समझी रणनीति है। उनके मुताबिक यदि परिसीमन लागू होता है तो वंचित और क्षेत्रीय समाज के लिए भविष्य में अपना नेतृत्व खड़ा करना बेहद कठिन हो जाएगा। उन्होंने लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 तक ले जाने की चर्चाओं का जिक्र करते हुए भाजपा से पूछा कि इससे किस वर्ग को लाभ मिलेगा और किसके राजनीतिक अधिकार छीने जाएंगे।

सभा के दौरान उन्होंने भाजपा के इरादों को अंग्रेजों से भी अधिक खतरनाक करार देते हुए कहा कि ऐसी स्थिति बनाई जा रही है जिसमें न तो क्षेत्रीय दलों की भूमिका बचेगी और न ही आम लोगों की आवाज सुनी जाएगी, बल्कि फैसले जनता पर थोप दिए जाएंगे। उन्होंने भाजपा को चेतावनी दी कि झारखंड के लोगों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।आदिवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और क्षेत्रीय ताकतों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि यह संघर्ष संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कमजोर और वंचित वर्गों के राजनीतिक हक छीनने की किसी भी कोशिश के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *