रांची: झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (JUVNL) और इसकी अनुषंगी कंपनियों में चल रही आंतरिक नियुक्तियों तथा पदोन्नतियों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने इस प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए निगम के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक को ज्ञापन सौंपा है और पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।
अजय राय का कहना है कि निगम में आंतरिक चयन और पदोन्नति को लेकर कर्मचारियों के बीच असंतोष और असमंजस की स्थिति है। पात्रता तय करने में स्पष्टता का अभाव दिख रहा है और निर्धारित नियमों के पालन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने Manager (F&A) पद की पदोन्नति का जिक्र करते हुए कहा कि Junior Manager (F&A) के पद पर वर्षों से काम कर रहे कर्मचारी आगे बढ़ने की राह देख रहे हैं, लेकिन बीते करीब 15 वर्षों से लेखा प्रवीण परीक्षा ही नहीं कराई गई है। उन्होंने बताया कि निगम और उसकी सहयोगी कंपनियों में Manager (F&A) के पद खाली या सीमित होने के बावजूद पात्र कर्मियों को मौका न मिलना उनके भविष्य और मनोबल के साथ अन्याय है। संघ की मांग है कि प्रबंधन पहले लंबित पदोन्नतियों को निपटाए और लेखा प्रवीण परीक्षा आयोजित कर कर्मचारियों को अपनी योग्यता दिखाने का अवसर दे।
चयन प्रक्रिया पर उठते सवालों के बीच अजय राय ने Manager (F&A) के साथ-साथ Junior Electrical Engineer (JEE) और Assistant Electrical Engineer (AEE) पदों की आंतरिक भर्ती पर भी चिंता जताई है। खासकर JEE और AEE के प्रोविजनल नतीजे आने के बाद अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, डिग्री की वैधता तथा Regular/Full-Time और Distance Mode से ली गई डिग्री की पात्रता की निष्पक्ष पड़ताल जरूरी बताई गई है। उनका कहना है कि चयन के सभी मानक हर अभ्यर्थी पर समान रूप से लागू होने चाहिए, ताकि किसी योग्य उम्मीदवार का हक न मारा जाए और किसी को अनुचित लाभ न मिले।
संघ ने ज्ञापन में मांग रखी है कि पूरी चयन और पदोन्नति प्रक्रिया की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए, जिस पर किसी तरह का आंतरिक दबाव या हितों का टकराव न हो। साथ ही, जब तक जांच पूरी न हो जाए और शिकायतों का समाधान न हो जाए, तब तक संबंधित नियुक्तियों को अंतिम रूप देने पर रोक लगाने की मांग की गई है। ज्ञापन के जरिए यह भी कहा गया है कि अभ्यर्थियों के दस्तावेजों और डिग्रियों का सही सत्यापन हो, जांच रिपोर्ट व की गई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक की जाए और यदि नियम उल्लंघन या गड़बड़ी सामने आए तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो।