रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को पत्र लिखकर देश के ‘मदर प्लांट’ कहे जाने वाले हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) की मौजूदा बदहाली और बिजली आपूर्ति ठप होने के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखने का आग्रह किया है।
राकेश सिन्हा ने अपने पत्र में कहा है कि जनहित के मुद्दों पर सरकार को पत्र लिखकर जवाबदेही तय करना विपक्ष का लोकतांत्रिक दायित्व है और बाबूलाल मरांडी अक्सर राज्य सरकार से विभिन्न विषयों पर जवाब मांगते रहते हैं। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि देश के विकास, अंतरिक्ष, रक्षा, रेलवे और भारी उद्योगों की नींव रखने वाला ऐतिहासिक संस्थान एचईसी आज बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण अंधकार में डूब गया है। यह संकट केवल एक औद्योगिक इकाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह झारखंड की औद्योगिक पहचान, हजारों कर्मचारियों के भविष्य और देश की औद्योगिक क्षमता से जुड़ा एक गंभीर प्रश्न है।
कांग्रेस नेता ने नेता प्रतिपक्ष से अपील करते हुए कहा कि वे राज्य सरकार को पत्र लिखने के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी एक पत्र लिखें और केंद्र सरकार की जिम्मेदारी तय करने की मांग करें। उन्होंने पत्र के माध्यम से सवाल उठाया कि राष्ट्रीय परियोजनाओं में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले इस संस्थान को आज बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए क्यों संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या एचईसी को यूं ही दम तोड़ने के लिए छोड़ दिया जाएगा या केंद्र सरकार इसके पुनरुद्धार, कर्मचारियों के बकाया भुगतान और नियमित उत्पादन को बहाल करने के लिए कोई ठोस कदम उठाएगी।