रांची: दसवीं की बोर्ड परीक्षा से पहले ही ग्यारहवीं में नामांकन की प्रक्रिया शुरू करने और दो हजार रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क लेने के मामले में झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने इस विषय को लेकर रांची के जिला शिक्षा पदाधिकारी को ईमेल के जरिए ज्ञापन सौंपा है और मामले की जांच कर उचित कदम उठाने की अपील की है। 

एसोसिएशन का कहना है कि जेवीएम श्यामली समेत राजधानी के कई स्कूलों द्वारा समय से पहले आवेदन और शुल्क लिए जाने से छात्र व अभिभावक असमंजस में हैं। एसोसिएशन ने बताया कि सीबीएसई और आईसीएसई की दसवीं बोर्ड परीक्षा की तारीखें सामने आ चुकी हैं। सीबीएसई की परीक्षा 16 फरवरी से 9 मार्च 2027 तक और आईसीएसई की परीक्षा 15 फरवरी से 31 मार्च 2027 तक होनी तय है। ऐसे समय में जब बच्चे बोर्ड की तैयारी में लगे हैं, उन्हें अगली कक्षा के दाखिले, प्रवेश परीक्षा और समयसीमा के दबाव में डालना सही नहीं है। इससे बच्चों का मानसिक तनाव बढ़ सकता है। 

अजय राय ने सवाल किया है कि क्या स्कूलों को बच्चों की पढ़ाई और मानसिक स्थिति से ज्यादा जल्दबाजी में दाखिला और शुल्क लेने की चिंता है। उन्होंने कहा कि दसवीं की परीक्षा खत्म होने के बाद ग्यारहवीं में नामांकन की प्रक्रिया आराम से पूरी की जा सकती है। एसोसिएशन ने मांग की है कि दो हजार रुपये या अन्य किसी शुल्क की पारदर्शिता और औचित्य की जांच की जाए तथा स्कूलों को निर्देश दिया जाए कि वे अभिभावकों और बच्चों पर अनावश्यक दबाव न बनाएं, ताकि विद्यार्थी तनावमुक्त होकर बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *