रांची: अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्य के लाखों छात्र-छात्राओं की लंबित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति राशि का अविलंब भुगतान कराने की मांग की है। मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि शैक्षणिक सत्र 2023-24, 2024-25 और 2025-26 की छात्रवृत्ति नहीं मिलने से राज्य के हजारों गरीब, आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के विद्यार्थी गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। समय पर राशि नहीं मिलने के कारण छात्रों को कॉलेज व हॉस्टल की फीस और किताबों का खर्च उठाने में भारी परेशानी हो रही है, जिससे कई विद्यार्थियों के सामने पढ़ाई छोड़ने तक की नौबत आ गई है। 

ओम वर्मा ने मुख्यमंत्री से इस मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप करने का आग्रह करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय स्थापित कर संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया जाए, ताकि एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के सभी पात्र छात्रों के बैंक खातों में जल्द राशि भेजी जा सके। इसके साथ ही उन्होंने लंबित आवेदनों का शीघ्र सत्यापन कर भुगतान की समय-सीमा घोषित करने, देरी के कारणों को सार्वजनिक करने और भविष्य में प्रत्येक सत्र में समय पर छात्रवृत्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। छात्र नेता ने स्पष्ट किया कि छात्रवृत्ति कोई एहसान नहीं बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा अधिकार है और यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *