रांची: झारखंड में महिलाओं और विशेषकर आदिवासी बेटियों के खिलाफ बढ़ते कथित अपराधों तथा पत्रकारों के उत्पीड़न के आरोपों को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (अनुसूचित जनजाति मोर्चा) के एक प्रदेश प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन में राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में सामने आए गंभीर मामलों की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

ज्ञापन के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल ने सिमडेगा की एक नाबालिग आदिवासी किशोरी के साथ कथित यौन शोषण के मामले को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में समयबद्ध व निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया कि पीड़िता को कथित तौर पर विधायक के आवास पर ले जाकर दबाव बनाने की कोशिश की गई है, इसलिए पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच के साथ पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा दी जाए। इसके साथ ही, प्रतिनिधिमंडल ने युवा आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की मृत्यु के मामले में भी उनकी मृत्यु से पूर्व की गई शिकायतों, भूमि विवाद के आरोपों और प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच के जरिए वास्तविक तथ्य सामने लाने का आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए सरायकेला-खरसावाँ के गम्हरिया थाना परिसर में एक पुलिसकर्मी द्वारा महिला से कथित दुष्कर्म और गोड्डा के सुंदरपहाड़ी क्षेत्र में एक मिशन से जुड़े व्यक्ति पर आदिवासी महिला के यौन शोषण के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कर पीड़ितों को न्याय व सुरक्षा देने की मांग की। इसके अलावा, कांग्रेस विधायक से जुड़े मामले को उजागर करने वाले पत्रकारों और संबंधित न्यूज चैनल के कार्यालय पर हुई पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसकी निष्पक्ष समीक्षा करने तथा दुर्भावनापूर्ण उत्पीड़न पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की गई। अंत में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि वे राज्य सरकार को इन सभी मामलों में पारदर्शी जांच, आदिवासी बेटियों की सुरक्षा और पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय करने के लिए आवश्यक निर्देश दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *