रांची: अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित फ्रेमोंट एरिया के क्वारी लेक तट पर मंगलवार को पारंपरिक उल्लास और भक्तिभाव के साथ छठ महापर्व मनाया गया। ओवरसीज ऑर्गेनाइजेशन ऑफ बिहार एंड झारखंड के तत्वावधान में आयोजित इस उत्सव में लगभग 1200 प्रवासी भारतीयों ने शिरकत की, जहां 40 छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर भव्य गंगा आरती और सूर्यदेव की आरती का भी आयोजन किया गया।

खास बात यह रही कि शादी समारोह में शामिल होने अमेरिका गए रांची के मोरहाबादी निवासी दंपति संजय आनंद और गीता आनंद ने भी इस आयोजन में भाग लिया। वे अपने परिजन अनुज राजीव आनंद और लता आनंद की बेटी के विवाह में शामिल होने कैलिफोर्निया गए थे, जहां संस्था की संस्थापक मनीषा पाठक और सह-संस्थापक कल्पना कुमारी के विशेष आग्रह पर सामूहिक छठ पूजा में शामिल हुए। बीते 20 वर्षों से कैलिफोर्निया में छठ उत्सव आयोजित कर रही इस संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए रांची के दंपति ने कहा कि सात समंदर पार भी अपनी जड़ों और संस्कृति के प्रति प्रवासियों की यह आस्था व आपसी सौहार्द पूरे देश के लिए गर्व की बात है।

रांची की बेटी मनीषा ने यूके के घर आंगन में छठ मनाया

लंदन/रांची: यूके के लिमिंगटन स्पा में दस बरस से रह रहीं रातू रोड, रांची की बेटी मनीषा उपाध्याय ने अपने घर आंगन में परिवार संग छठ उत्सव मनाया। इस आयोजन में पति संतोष उपाध्याय, पुत्र श्रेष्ठ और पुत्री आराध्या ने सहयोग किया। मनीषा को बचपन से ही छठ पर्व से लगाव रहा। माता -पिता के निधन के बाद रांची के छठ पूजा में शामिल नहीं हुई।
गत वर्ष बर्घिंगम सामूहिक छठ पूजा में छठ व्रत किया था। भीड़,लंबी दूरी और भीषण ठंड के इस वर्ष से घर आंगन में पर्व का संकल्प किया। सभी छठ सामग्री लीसेस्टर शहर में मिली। घर में ही नहाय-खाय और खरना पूजा कर 36 घंटे निर्जल उपवास रखा। घर आंगन में रखे प्लास्टिक टब में ठेकुआ, फल और दीप से सजे सूप उठाकर श्रद्धा और भक्ति से छठ पूजन किया। परिवार और पड़ोस के प्रवासी भारतीयों ने सुबह और शाम अर्ध्य दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *