रांची/लंदन: लंदन के भारतीय उच्चायोग स्थित प्रतिष्ठित नेहरू सेंटर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड, छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में भव्य सांस्कृतिक उत्सव ‘द ट्राइबल टेपेस्ट्री 2026′ का आयोजन किया गया। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को ‘टीम स्वरांगी’ ने बेहद खूबसूरती से पेश किया, जिसे प्रवासी भारतीयों ने बेहद सराहा।
समारोह का शुभारंभ नेहरू सेंटर के निदेशक एनजे सिंह और उपनिदेशक राकेश कुमार ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। यह आयोजन झारखंड यूके नेटवर्क, सीईईईएफआई और धुन संस्था के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय उच्चायोग, नेहरू सेंटर, फ्रेंड्स ऑफ मध्यप्रदेश इन इंग्लैंड एंड यूरोप, टीम स्वरांगी, नाचा यूके और उत्कालिका के सहयोग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान तीनों राज्यों की पारंपरिक लोक कला, संगीत, नृत्य और कविताओं के जरिए भारत की प्राचीन जनजातीय परंपराओं की अनूठी झलक देखने को मिली। ‘टीम स्वरांगी’ की ओर से जूही प्रिया, श्राबोनी, शाश्वती, प्रियंका, सुष्री, सुभश्री साहू और रोडाली बोरा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया, जबकि ‘नाचा यूके’ के कलाकारों ने छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की संस्कृति का प्रतिनिधित्व किया।
इसके साथ ही, भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, उनके नेतृत्व और आदिवासी अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष को याद किया गया। कार्यक्रम में मोजेस द्वारा क्यूरेट की गई विशेष कला प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें आदिवासी जीवनशैली और पारंपरिक कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के अंत में झारखंड यूके नेटवर्क के प्रतिनिधि उज्ज्वल बंगा ने सभी सहयोगी संस्थाओं, कलाकारों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। इस सफल आयोजन की जानकारी रांची निवासी टीम स्वरांगी की जूही प्रिया द्वारा दी गई।