रांची: स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता, आधुनिक नगर प्रबंधन और नागरिक सहभागिता को साबित करते हुए जमशेदपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर झारखंड का मान बढ़ाया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य राष्ट्रीय सम्मान समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्वारा जमशेदपुर को ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। देश भर के 4,751 नगर निकायों के बीच कड़े मुकाबले में जमशेदपुर ने उन 63 चुनिंदा शहरों की सूची में अपनी जगह बनाई, जिन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान समारोह में आमंत्रित किया गया था।

विज्ञान भवन में आयोजित इस गरिमामय समारोह में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, सूडा (SUDA) के निदेशक सूरज कुमार, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद और टाटा स्टील यूआईएसएल के जनरल मैनेजर (टाउन ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) रविंद्र कुमार सिंह ने किया।

जमशेदपुर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि का आधार शहर का वैज्ञानिक और आधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन ढांचा है। शहर में घर-घर से कचरा उठाने, स्रोत पर ही सूखे व गीले कचरे को अलग-अलग करने, मेटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) के उपयोग और जैविक कचरे के आधुनिक प्रसंस्करण पर विशेष जोर दिया गया है। इसके अलावा, रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल (आरआरआर) केंद्रों की स्थापना और निरंतर चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियानों ने शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत और टिकाऊ बनाया है।

अधिकारियों का कहना है कि यह राष्ट्रीय पुरस्कार केवल एक सर्वेक्षण की सफलता भर नहीं है, बल्कि एक स्वच्छ, सुंदर और सतत शहर बनाने की दिशा में किए गए सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इसमें दिन-रात मेहनत करने वाले सफाई मित्रों, प्रशासनिक टीम, संबद्ध संस्थानों और शहर के जागरूक नागरिकों की समान भागीदारी रही है। जमशेदपुर ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि जनभागीदारी और बेहतर प्रबंधन से स्वच्छता के नए मानक स्थापित किए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *