नई दिल्ली: झारखंड की आदिवासी महिला नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि जल्द ही झारखंड सरकार के उच्च अधिकारियों को पत्र भेजकर इस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की जाएगी।

ज्ञात हो कि मृतका निशा भगत ने अपनी मौत से ठीक पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लाइव आकर अपनी पीड़ा साझा की थी, जिसके बाद से इस घटना को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आयोग यह सुनिश्चित करना चाहता है कि किन परिस्थितियों और कारणों के चलते यह दुखद घटना घटी। साथ ही मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कराकर तमाम तथ्‍य सामने लाए जाएंगे।

डॉ. आशा लकड़ा ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग जनजातीय समाज के हितों, सुरक्षा, सम्मान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के किसी भी व्यक्ति के साथ होने वाले अन्याय, उत्पीड़न या अधिकारों के हनन के मामलों में आयोग संवेदनशीलता के साथ सख्त और आवश्यक कार्रवाई करने के लिए तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *