रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ पर व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में महापौर रोशनी खलखो ने नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर के छह प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया और वहां चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने बनस तालाब, नायक छठ तालाब, चंबोधा तालाब, स्वर्णरेखा छठ घाट, कमलू तालाब और पावर हाउस छठ तालाब का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से बातचीत की, उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना और नगर निगम द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की।
महापौर ने निगम की सफाई व्यवस्था पर संतोष जताते हुए निर्देश दिया कि छठ महापर्व तक सभी घाटों और संपर्क मार्गों पर लगातार विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि व्रती महिलाओं की सुविधा और निजता के लिए सभी घाटों पर पर्याप्त चेंजिंग रूम बनाए जाएं। इसके अलावा, गहरे पानी वाले क्षेत्रों में मजबूत बैरिकेडिंग की जाए ताकि सुरक्षा से जुड़ी कोई चूक न हो। घाटों और रास्तों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही पूजा समितियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सभी काम समय-सीमा के भीतर पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 13 के पार्षद पवन तिर्की, वार्ड संख्या 14 की पार्षद अंजू देवी, वार्ड संख्या 46 की पार्षद आरती कुमारी समेत निगम के पदाधिकारी और विभिन्न छठ पूजा समितियों के सदस्य मौजूद थे।