*प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा की अध्यक्षता में तैयारियाँ की हुई समीक्षा*

*न्यायालय परिसर में आयोजित होगा ‘स्टेट लेवल लीगल सर्विसेज-कम-इम्पॉवरमेंट कैंप’*


देवघर के व्यवहार न्यायालय परिसर में आज प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के आगामी देवघर भ्रमण कार्यक्रम पर की जा रही तैयारियों की समीक्षा को लेकर बुलाई गई थी।

बैठक के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा ने जानकारी दी कि भारत के मुख्य न्यायाधीश के देवघर आगमन के अवसर पर न्यायालय परिसर में ‘स्टेट लेवल लीगल सर्विसेज-कम-इम्पॉवरमेंट कैंप’ (STATE LEVEL LEGAL SERVICES-CUM-EMPOWERMENT CAMP) का भव्य आयोजन किया जाएगा। उन्होंने इस गरिमामयी कार्यक्रम की सफलता को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिए।

*सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के कड़े इंतजाम:


बैठक में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने भारत के मुख्य न्यायाधीश के आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा की जा रही विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त ने कहा की बाबा बैद्यनाथ मंदिर में  न्यायाधीश की पूजा-अर्चना के पश्चात न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम को लेकर संबंधित प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी मुस्तैद रहेंगे।


पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने सुरक्षा के विभिन्न बिंदुओं और कार्यक्रम के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए तैयार किए गए रूट चार्ट और पुलिस बलों की तैनाती की रूपरेखा से सभी को अवगत कराया।

*कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण:*


बैठक की समाप्ति के पश्चात प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित उपस्थित सभी अधिकारियों ने व्यवहार न्यायालय परिसर में 2 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘स्टेट लेवल लीगल सर्विसेज-कम-इम्पॉवरमेंट कैंप’ को लेकर की जाने वाली तैयारियों और पंडाल/मंच निर्माण से जुड़े विभिन्न सुरक्षा व व्यवस्था का भौतिक निरीक्षण किया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया।

बैठक में जिले के  न्यायाधीशगण, अपर समाहर्ता, जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *