एसआईआर-2026: मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र भारतीय नागरिक इन अभियानों का उठाएं लाभ
मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के साथ बैठक कर, मेगा हेल्प डेस्क में BLA-2 की भागीदारी सुनिश्चित कराएं: के. रवि कुमार, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी
रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखण्ड श्री के. रवि कुमार ने कहा कि एसआईआर-2026 के तहत राज्य में यह सुनिश्चित किया जाना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से 10 अक्टूबर 2026 को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष मेगा हेल्प डेस्क तथा 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच अभियान आयोजित किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने आज सभी जिलों के जिला सामाजिक सुरक्षा/समाज कल्याण पदाधिकारियों एवं उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर एसआईआर-2026 के तहत अभी भी छुटे हुए पात्र भारतीय नागरिकों, कमजोर एवं वंचित वर्गों को विशेष सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
श्री के रवि कुमार ने कहा कि 10 अक्टूबर के मेगा हेल्प डेस्क में एसआईआर से संबंधित लंबित मामलों, No Mapping एवं Anomalies से जुड़े मामलों में पात्र नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक करते हुए मेगा हेल्प डेस्क में BLA-2 की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी अपने क्षेत्र के मतदाताओं को मतदाता सूची में निबंधन सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों के साथ समन्वय कर सकें।
श्री के. रवि कुमार ने कहा, कि बीएलए 2 अपने क्षेत्र के मतदाताओं को यदि किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता है, तो उसे बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक में अवश्य रखें, ताकि तदनुसार आवश्यक समन्वय की जा सके। उन्होंने बताया कि 12 से 16 अक्टूबर 2026 तक विशेष आउटरीच अभियान के दौरान बीएलओ एवं संबंधित पदाधिकारी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, ट्रांसजेंडर, सेक्स वर्कर तथा अन्य कमजोर एवं वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों तक स्वयं पहुंचेंगे और उन्हें दस्तावेज, सत्यापन तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग देंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने विशेष रूप से वृद्धाश्रम, आश्रयगृह, शक्ति सदन, अनाथालय तथा अन्य संस्थानों में रहने वाले पात्र नागरिकों तक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जानकारी अथवा आवश्यक सहयोग के अभाव में कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं होना चाहिए।
उन्होंने जिला सामाजिक सुरक्षा विभाग एवं निर्वाचन विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए ऐसे नागरिकों को आवश्यक प्रमाण-पत्र, घोषणा-पत्र एवं अन्य प्रक्रियाओं में सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
श्री के. रवि कुमार ने कहा कि एसआईआर-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है एवं यह सुनिश्चित करना है कि कोई पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे तथा कोई अपात्र या विदेशी व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।
इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी श्री देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री धीरज ठाकुर सहित सभी जिलों के जिला सामाजिक सुरक्षा/समाज कल्याण पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं निर्वाचन से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
https://zindagijindabaad.com/deadline-extended-again-for-the-sir-process/
https://zindagijindabaad.com/late-rupi-soren-ji-have-been-placed-here-for-final-respects/
https://zindagijindabaad.com/ranchi-daily-flight-bhubaneswar-ahmedabad-patna-chennai/
