उपायुक्त गढ़वा पशुपति नाथ मिश्रा ने आज समाहरणालय सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए आमजनों की समस्याओं को उपायुक्त द्वारा गंभीरता से बारी-बारी सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।

उक्त जनसुनवाई में गढ़वा प्रखंड के लगमा निवासी उषा देवी ने आवेदन समर्पित करते हुए सड़क चौड़ीकरण में किए गए अधिग्रिहित भूमि का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि NH- 75 सड़क चौड़ीकरण के दौरान उनकी भूमि का 0.02926 रकबा का अधिग्रहण किया गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने समुचित कागजात जिला भू-अर्जन कार्यालय गढ़वा में समर्पित किया है, परंतु मुआवजा अप्राप्त है। अतः उन्होंने अपने अधिग्रहित भूमि के विरुद्ध मुआवजा राशि की मांग की है।

80- गढ़वा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्रखंड रंका के नयाटोली विश्रामपुर के ग्रामीणों ने आवेदन समर्पित करते हुए मतदाता सूची में अपना नाम किसी अन्य मतदान केंद्र में दर्ज कर दिए जाने की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में उनके मतदाता सूची नयाटोली विश्रामपुर में दर्ज था जिसे SIR प्रक्रिया के दौरान नयाटोली विश्रामपुर के मतदान केंद्र से विलोपित करके मंदिरटोला विश्रामपुर के मतदान केंद्र में दर्ज कर दिया गया है, जिसके कारण ग्रामीणों को कठिनाई हो रही है। अतः ग्रामीणों ने पुन: अपना नाम पूर्व की भांति नयाटोली विश्रामपुर के मतदाता सूची में दर्ज करने का अनुरोध किया।

भंडरिया प्रखंड के रोदो निवासी मंदिप कुमार गुप्ता ने आवेदन समर्पित करते हुए आरोग्यम नर्सिंग कॉलेज गढ़वा से अपने मूल दस्तावेज वापस कराने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए आरोग्यम नर्सिंग कॉलेज गढ़वा में प्रवेश लिया था एवं प्रथम सेमेस्टर हेतु ₹60000 का भुगतान भी किया, परंतु आर्थिक स्थिति खराब होने के चलते आगे की पढ़ाई करने में समर्थ नहीं है। उन्होंने बताया कि उक्त कॉलेज से अपना प्रवेश रद्द करते हुए सभी मूल दस्तावेज वापस करने का अनुरोध किया था। परंतु कॉलेज प्रबंधन द्वारा पुन: ₹60000 की अतिरिक्त राशि जमा करने के उपरांत ही सभी मूल दस्तावेज वापस करने की बात कही गई। अतः उन्होंने उपायुक्त से मामले की जांच कराते हुए अपने सभी मूल दस्तावेज वापस कराने का आग्रह किया।

रंका प्रखंड के कंचनपुर निवासी कृष्णा राम ने अपना आवेदन समर्पित करते हुए सरकारी सहायता की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि उनके एक पुत्र जिनकी हत्या वर्ष 2023 में कर दी गई। साथ ही दूसरे पुत्र की हत्या वर्ष 2026 में कर दी गई। परंतु किसी भी प्रकार की आज तक सरकारी सहायता उन्हें प्राप्त नहीं हुई। उन्होंने बताया कि वह एक गरीब परिवार से संबंध रखते हैं तथा बेसहारा हैं, किसी तरह अपना जीवन यापन करते हैं। अतः उन्होंने आर्थिक मदद हेतु सरकारी सहायता की गुहार लगाई।

इसी प्रकार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शेष अन्य लोगों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं को बारी-बारी से उपायुक्त के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त श्री मिश्रा द्वारा संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही संबंधित विभागों के कार्यालय प्रधान को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आमजनों से प्राप्त शिकायतों व समस्याओं को निष्पादित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गयें। उक्त जनसुनवाई कार्यक्रम में लगभग 42 आवेदन प्राप्त हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *