देवघर में हथियार तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस कप्तान प्रवीण पुष्कर को सूचना मिली थी कि कुण्डा थाना क्षेत्र के कोरियासा मैदान के आसपास कुछ अपराधकर्मी अवैध हथियार की खरीद-बिक्री के इरादे से जुटे हुए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान ने SDPO कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन कर हथियार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। SDPO कुलदीप कुमार क़ी SIT टीम ने कोरियासा मैदान के आसपास छापामारी शुरू की।

पुलिस की गतिविधि को देखते हुए एक अपराधकर्मी मौके से भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बदन के बाएं तरफ गंजी के अंदर छिपाकर रखा गया एक थैला बरामद हुआ। थैले की जांच करने पर काले रंग की एक कार्बाइन मशीन गन, दो मैगजीन और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया।

पुलिस कप्तान प्रवीण पुष्कर ने प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने मीडिया से जानकारी साझा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज कुमार सिंह, उम्र 28 वर्ष निवासी रोहिणी परमेश्वर चौक, थाना जसीडीह, देवघर के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि सूरज कुमार सिंह पूर्व में भी देवीपुर थाना क्षेत्र के लूट कांड तथा बांका उत्पाद थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर हथियार तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *