पलामू के सीमावर्ती जिला औरंगाबाद से एक हैरत करने वाली बात सामने आई है। खुद को प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी बताकर एक युवक ने औरंगाबाद पुलिस को ही झांसे में ले लिया। उसने थाने के सरकारी मोबाइल पर फोन कर पुलिसकर्मियों को अपने साथ लिया और एनएच-139 पर वाहनों की जांच कराने लगा। इसी दौरान टेंपो सवार पलामू के तीन युवकों से पूछताछ की गई। इनमें दो युवकों को वह अपनी स्कॉर्पियो में बैठाकर मदनपुर की ओर ले जाने लगा।
मामला तब खुला, जब युवकों के रिश्तेदार और झारखंड पुलिस में दारोगा ने कथित आईपीएस से फोन पर बात की। पुलिस अधिकारी से बातचीत होते ही आरोपी को पहचान उजागर होने का डर लगा और उसने दोनों युवकों को कामा बिगहा के पास उतारकर फरार हो गया। युवकों ने डराने-धमकाने और मारपीट का भी आरोप लगाया है।
पुलिस ने पीछा कर एरका चेकपोस्ट के पास स्कॉर्पियो बरामद कर ली। चालक पिंटू कुमार और कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है। औरंगाबाद एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने कहा कि पूरे मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।