मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर बंधाया ढांढ़स ईश्वर से इस कठिन दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज राज्य सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के स्मार्ट सिटी, रांची स्थित आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने वहां मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की दिवंगत पुत्री तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर नम आंखों से उन्हें भावपूर्ण विदाई दी । इस अत्यंत दुखद घड़ी में मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की तथा उन्हें ढांढ़स बंधाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता के लिए असहनीय और शब्दों से परे है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत बेटी को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें और इस असीम एवं असहनीय दुःख को सहन करने के लिए शोकाकुल परिवार को शक्ति, साहस और संबल दें।

विधायक कल्पना सोरेन ने भी तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और संवेदना व्यक्त की।

मंत्रिमंडल के अन्य मंत्रीगण, राज्यसभा सांसद, विधायकगण, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, राज्य सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी इस गमगीन माहौल में शामिल रहे।


इधर, तृषा की अंतिम संस्कार अपने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ रांची के धुर्वा स्थित श्मशानघाट पर किया गया। इसके पूर्व पोष्टमार्टम के बाद तृषा का पार्थिव शरीर रांची के स्मार्ट सिटी स्थित मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पर लाया गया था। पार्थिव शरीर आते ही क्षेत्र का माहौल गमगीन हो गया था। सभीलोग इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना की चर्चा कर रहे थे। वहीं सभी की आंखें नम थी। मंत्री एवं उनके परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

विदित हो कि जमशेदपुर शहर के मरीन ड्राइव इलाके में देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका प्रधान की छोटी बेटी तृषा सिंह सहित सार्थक, वंशिका एवं नमन गुप्ता का असामयिक निधन हो गया था। सभी चारों की दुखद मृत्यु घटनास्थल पर ही होना बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed