संताल परगना के सभी जिलों में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की हुई विस्तृत समीक्षा

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव श्री अबु इमरान ने देवघर में की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

संताल परगना के सभी जिलों में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की हुई विस्तृत समीक्षा
संताल परगना के सभी जिलों में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की हुई विस्तृत समीक्षा

सभी प्रमंडल कंट्रोल रूम एवं टॉल फ्री नंबर को रखें क्रियाशील

योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों पर होगी सख्त कार्रवाई

आगामी 02 अक्टूबर को मनाया जाएगा ‘जल अर्पण दिवस’, ‘हर घर जल’ सर्टिफिकेशन को प्राथमिकता पर करने का निर्देश

देवघर/रांची:- पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव श्री अबु इमरान ने देवघर समाहरणालय में संताल परगना प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी छह जिलों—देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज, जामताड़ा और पाकुड़ में जल जीवन मिशन (JJM) के तहत क्रियान्वित की जा रही पेयजल योजनाओं तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की जिलावार विस्तृत समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर आ रही समस्याओं का त्वरित निराकरण करें और शेष बचे कार्यों को हर हाल में तय समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें।

सचिव श्री अबू इमरान ने जल जीवन मिशन (JJM) के तहत निर्देश दिया कि आगामी 02 अक्टूबर को ‘जल अर्पण दिवस’ के रूप में मनाने और सभी पूर्ण हो चुकी योजनाओं के लिए ‘हर घर जल’ सर्टिफिकेशन (प्रमाणन) के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें।  इसके साथ ही उन्होंने सभी पेयजल योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा जलापूर्ति के दौरान जल की गुणवत्ता की जांच पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कार्य में शिथिलता या लापरवाही बरतने वाले एजेंसी व संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जल स्रोतों की सुरक्षा के मद्देनजर उन्होंने इंटेकवेल के आसपास किसी भी प्रकार के खनन और बालू उठाव पर पूर्ण रूप से रोक लगाने का कड़ा आदेश जारी किया। इसके अलावा, विभिन्न विभागों में लंबित एनओसी (NOC) प्राप्त करने की प्रक्रिया तेज करने, SNS SPARSH Onboarding, Sujal ID Creation और लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने की बात कही गई। योजनाओं के सुचारू संचालन व बेहतर रखरखाव के लिए जल शुल्क के संग्रह को बढ़ाने पर जोर दिया गया, साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए Consumer ID सृजन एवं बिजली विभाग के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करने की हिदायत दी गई।

समीक्षा बैठक के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत भी कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए 5-Star ODF Plus गांवों की संख्या बढ़ाने हेतु विशेष अभियान चलाने की बात कही गई। इसके अंतर्गत PM-JANMAN, सांसद आदर्श ग्राम योजना और आकांक्षी क्षेत्रों के गांवों को प्राथमिकता के आधार पर 5-Star ODF Plus घोषित करने का निर्देश दिया गया है। सचिव ने शौचालय निर्माण एवं उनकी स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा पूर्व में ODF Plus घोषित हो चुके गांवों के भौतिक सत्यापन कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने को कहा। गांवों को पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और एकल-उपयोग प्लास्टिक पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने के लिए सभी ग्रामसभाओं में अनिवार्य रूप से प्रस्ताव पारित कराए जाएंगे। 

इस समीक्षा बैठक में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया ,उप विकास आयुक्त देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज, जामताड़ा के साथ पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के वरीय पदाधिकारी, सभी अधीक्षण अभियंता, सभी संबंधित जिलों के कार्यपालक अभियंता, एवं अन्य विभागीय अधिकारी, संबंधित एजेंसी के अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed