रांची: झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री सह मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने हैदराबाद में आयोजित प्रतिष्ठित ‘भारत समिट’ के वैश्विक मंच पर देश के संघीय ढांचे और आदिवासी अधिकारों की जोरदार वकालत की है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र की नीतियां संघीय ढांचे को कमजोर कर रही हैं और राज्यों तथा आदिवासियों के अधिकारों पर सीधा प्रहार कर रही हैं।
तेलंगाना सरकार द्वारा आयोजित इस महत्वपूर्ण वैश्विक सम्मेलन में दुनिया भर के 70 देशों के प्रतिनिधि और करीब एक हजार विशेषज्ञ शामिल हुए हैं। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर “भारत का संघीय ढांचा” विषय पर अपनी बात रखते हुए शिल्पी नेहा तिर्की ने झारखंड के आर्थिक हितों और खनिज संपदा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड जैसे प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्यों के आर्थिक अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एमएमडीआर कानून में संशोधन की वजह से झारखंड को करीब 10 हजार करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा, राज्य का लगभग 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपये का कोल रॉयल्टी बकाया भी लंबे समय से लंबित है। उन्होंने सवाल उठाया कि खनिज संपदा वाले राज्यों के साथ ऐसा आर्थिक सौतेलापन कब तक जारी रहेगा?
आदिवासी समाज की पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश का संविधान पांचवीं और छठी अनुसूची के जरिए आदिवासियों को विशेष संवैधानिक संरक्षण देता है। लेकिन आज कई राज्यों में इन प्रावधानों की भावना को कमजोर कर इन्हें सिर्फ नाममात्र का अधिकार बनाकर छोड़ दिया गया है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के हसदेव अरण्य और ओडिशा के नियमगिरि का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि जल, जंगल और जमीन से जुड़े मामलों में स्थानीय ग्राम सभाओं और पारंपरिक संस्थाओं की सहमति के बिना फैसले लिए जा रहे हैं। कॉर्पोरेट घरानों के फायदों के लिए आदिवासी समुदायों को उनकी ही जमीन से विस्थापित किया जा रहा है।
शिल्पी नेहा तिर्की ने अपने संबोधन में दो टूक कहा कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता और राज्यों की स्वायत्तता में है। एक सशक्त भारत की नींव तभी मजबूत होगी जब केंद्र सरकार राज्यों को बराबरी का साझेदार समझेगी और आदिवासी क्षेत्रों में ग्राम सभाओं की गरिमा का पूर्ण सम्मान किया जाएगा।
इस उच्चस्तरीय पैनल चर्चा में तेलंगाना सरकार के मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी, सांसद चमाला किरण कुमार रेड्डी, प्रो. गणेश देव, पूर्व आईएएस अदिति मेहता और प्रोफेशनल कांग्रेस की चेयरपर्सन मधु गौड़ सहित कई दिग्गज हस्तियां मौजूद रहीं।