रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शनिवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती धूमधाम से मनाई गई। रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित इस समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने पंडित नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन में पंडित नेहरू का योगदान अतुलनीय रहा है। ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए उन्होंने अपने जीवन के लगभग 3000 दिन जेल की सलाखों के पीछे बिताए।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंडित नेहरू को आधुनिक भारत का शिल्पकार कहा जाता है। भारतीय संविधान के निर्माण में अहम भूमिका निभाने के साथ-साथ उन्होंने देश के विकास के लिए योजना आयोग की नींव रखी। देश में उच्च शिक्षा, विज्ञान और तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्होंने एम्स और आईआईटी जैसे विश्वस्तरीय संस्थानों की स्थापना की, जिससे भारतीय युवाओं को देश में ही बेहतर शिक्षा के अवसर मिल सके। उन्होंने आगे कहा कि बच्चों के प्रति नेहरू जी का विशेष लगाव था, यही कारण है कि बच्चों की शिक्षा और अधिकारों के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए 14 नवंबर को पूरे देश में ‘बाल दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नेहरू जी के आदर्शों और बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
इस श्रद्धांजलि सभा में मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, प्रदेश उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पाल मुंजनी, महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव, कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा, मीडिया पैनलिस्ट डॉ. राजीव नारायण प्रसाद, सूर्यकांत शुक्ला, अख्तर अली, मनोज सहाय पिंकू, जगदीश साहू, जितेंद्र त्रिवेदी, मोहम्मद हुसैन अंसारी, डॉ. प्रसाद पासवान, राजू राम और समुद्रगुप्त सहित कई अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।