उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री संदीप कुमार की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखण्ड समन्वयक एवं लेखापाल-सह-कम्प्यूटर ऑपरेटर के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने दोनों पदों के लिए प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी के उपरांत स्वीकृत एवं अस्वीकृत आवेदनों की समीक्षा की। साथ ही, आवेदनों की स्थिति को ऑनलाइन पोर्टल पर अद्यतन करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


समीक्षा के क्रम में पाया गया कि लेखापाल-सह-कम्प्यूटर ऑपरेटर पद के लिए प्राप्त सभी आवेदन निर्धारित आवश्यक अर्हता पूरी नहीं करने के कारण अस्वीकृत कर दिए गए हैं। इस संबंध में उक्त पद के लिए पुनः विज्ञापन प्रकाशित करने पर चर्चा की गई।


इसके अतिरिक्त, बैठक में परीक्षा केंद्र एवं परीक्षा तिथि के निर्धारण, परीक्षा हेतु प्रश्नपत्र तैयार करने तथा परीक्षा के सफल संचालन के लिए दंडाधिकारी, वरीय पदाधिकारी एवं सहयोगी कर्मियों को नामित करने से संबंधित बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, परीक्षा के उपरांत उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन हेतु समिति के गठन पर भी चर्चा की गई।


उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संपूर्ण चयन प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जाए। उन्होंने परीक्षा आयोजन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सैय्यद रियाज अहमद, जिला स्तरीय चयन समिति के सदस्य एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *