रांची: आदिवासी युवा नेत्री और समाज की मुखर आवाज रहीं निशा भगत की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार की चुप्पी को शर्मनाक बताते हुए मामले की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए तुरंत सीबीआई से जांच कराने की मांग की है।
थानेदार की भूमिका पर सवाल
सांसद संजय सेठ ने कहा कि निशा भगत की मौत महज एक सामान्य घटना नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक सुनियोजित साजिश की आशंका है। उन्होंने मृतका के पिता द्वारा उठाए गए उन गंभीर आरोपों का जिक्र किया, जिनमें मौत से ठीक पहले एक थानेदार से बातचीत और कथित संवेदनहीनता की बात सामने आई थी। संजय सेठ ने सवाल उठाया कि आखिर किसके दबाव में आरोपी थानेदार का नाम जांच के दायरे से बाहर किया गया और किन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है?
आदिवासी मुख्यमंत्री की चुप्पी पर असंतोष
केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य के आदिवासियों के हितों की बात करने वाली हेमंत सोरेन सरकार इस गंभीर मामले पर पूरी तरह मौन है। एक आदिवासी बेटी की संदिग्ध मौत पर मुख्यमंत्री या मंत्रिमंडल के किसी भी सदस्य का संवेदनशीलता न दिखाना और संतोषजनक जवाब न देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रशासनिक उदासीनता से पूरे झारखंड के आदिवासी समाज और आम जनता में गहरा असंतोष फैल रहा है।
सीबीआई जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
संजय सेठ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह लड़ाई केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की बेटियों की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था के सम्मान की है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि मामले की लीपापोती रोकने के लिए बिना किसी देरी के पूरी जांच सीबीआई को सौंपी जाए, ताकि दोषी चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो, उसे कठोर सजा मिल सके।