रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के शिशु रोग विभाग के डॉक्टर ने अपनी तत्परता और बेहतर इलाज से एक माह दस दिन के नवजात शिशु को नया जीवन दिया है। तेज बुखार और दौरे पड़ने के बाद अत्यंत गंभीर अवस्था में रिम्स लाए गए इस बच्चे के मस्तिष्क में रक्तस्राव (ब्रेन हेमरेज) हो गया था, जिसके कारण उसकी हालत बेहद नाजुक थी और उसे तुरंत वेंटिलेटर पर रखना पड़ा।
जांच के दौरान पता चला कि बच्चा ‘हेमरेजिक डिजीज ऑफ न्यूबॉर्न’ (एचडीएन) से पीड़ित है। यह गंभीर बीमारी नवजात शिशुओं में विटामिन K की कमी की वजह से होती है। दरअसल, विटामिन K शरीर में खून का थक्का जमाने में अहम भूमिका निभाता है और इसकी कमी होने पर मस्तिष्क समेत शरीर के विभिन्न अंगों में गंभीर रक्तस्राव का खतरा पैदा हो जाता है।
बच्चे की जान बचाने के लिए रिम्स के शिशु रोग विभाग की यूनिट में डॉ. पार्था कुमार चौधरी और उनकी पूरी मेडिकल टीम ने बिना समय गंवाए उपचार शुरू किया। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की लगातार निगरानी तथा कई दिनों तक चले सघन इलाज के बाद मासूम की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार आने लगा। स्थिति बेहतर होने पर पहले बच्चे को वेंटिलेटर से हटाया गया और अब उसे ऑक्सीजन सपोर्ट की भी जरूरत नहीं है। वर्तमान में बच्चा पूरी तरह स्थिर है, सामान्य रूप से सांस ले रहा है और मां का दूध भी पी रहा है।
इस सफल उपचार के बाद बच्चे के परिजनों ने कठिन घड़ी में मासूम की जान बचाने के लिए पूरी स्वास्थ्य टीम के प्रति आभार जताया है। साथ हीbअस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर ने जनहित में लोगों से अपील की है कि हर नवजात शिशु को जन्म के तुरंत बाद निर्धारित दिशा-निर्देशों के मुताबिक विटामिन K का इंजेक्शन जरूर लगवाएं, ताकि इस तरह के जानलेवा रक्तस्राव और ब्रेन हैमरेज से बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके।