रांची: रिम्स की अधिग्रहित जमीन से जुड़े बहुचर्चित घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। एसीबी की अलग-अलग टीमों ने इस मामले में पहले से गिरफ्तार सात अधिकारियों के रांची स्थित पांच प्रमुख ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। सुबह से शुरू हुई इस छापेमारी में राजधानी के बरियातू, कांके, कोकर, अरगोड़ा और मोरहाबादी के वृंदावन अपार्टमेंट स्थित आरोपियों के आवास व फ्लैट्स खंगाले जा रहे हैं।

एसीबी अधिकारियों ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच का मुख्य उद्देश्य रिम्स की 9.65 एकड़ जमीन की अवैध खरीद-बिक्री और सरकारी दस्तावेजों में की गई हेराफेरी के ठोस सबूत जुटाना है। तलाशी अभियान के दौरान टीम जमीन के कागजात, बैंक खातों के विवरण और डिजिटल रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही अधिकारियों द्वारा अर्जित चल-अचल और संभावित बेनामी संपत्तियों का भी ब्योरा तैयार किया जा रहा है, ताकि अदालत में आरोपियों के खिलाफ मजबूत पक्ष रखा जा सके।

इस मामले में एसीबी की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। बीते गुरुवार को ही टीम ने बड़गाईं के तत्कालीन अंचल अधिकारी और वर्तमान में बेरमो के एसडीओ मनोज कुमार को गिरफ्तार किया था। इससे पहले 17 नवंबर को आईएएस अधिकारी मनोज कुमार रंजन सहित छह पूर्व अधिकारियों को जेल भेजा जा चुका है, जिनमें तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता (एलआरडीसी), तीन जिला अवर निबंधक और दो अंचल अधिकारी शामिल हैं।

गौरतलब है कि यह पूरा विवाद रिम्स के विस्तार के लिए अधिग्रहित मोरहाबादी मौजा की आठ एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ सरकारी जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि इन अधिकारियों ने पद का दुरुपयोग करते हुए राजस्व रिकॉर्ड में छेड़छाड़ की और फर्जी दस्तावेजों, संदिग्ध रजिस्ट्री व दाखिल-खारिज के जरिए सरकारी भूमि को निजी संपत्ति बनाने का खेल रचा। इस जमीन के कुछ हिस्से पर अवैध निर्माण भी कर लिया गया था, जिसे बाद में न्यायालय के हस्तक्षेप से ध्वस्त किया गया। झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर एसीबी ने 5 जनवरी 2026 को इस प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसमें अब सबूतों की कड़ियां जोड़ने के लिए यह छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *