रांची: राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकर के गढ़ाटोली के पास देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तनवीर उर्फ बाबू के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने का आरोप मृतक के ही एक दोस्त पर लगा है। परिजनों के मुताबिक, शाहरुख नाम के युवक ने तनवीर को गोली मारी है।

मिली जानकारी के अनुसार देर रात तनवीर अपने दोस्तों के साथ एक होटल में खाना खा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोस्तों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर शाहरुख ने तनवीर पर गोली चला दी। गोली लगने से तनवीर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *