रांची: राजधानी रांची में पैसों के लेनदेन के विवाद ने बुधवार देर रात एक युवक की जान ले ली। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर-1 इलाके में बदमाशों ने घर के भीतर घुसकर गोली चलाई, जिसमें छोटू महतो उर्फ मिथिलेश की मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में सन्नाटा और दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के मुताबिक पैसों के लेनदेन को लेकर चल रही तकरार के बीच हथियारबंद बदमाश विकास महतो के आवास पर पहुंचे थे। घर के बाहर शुरू हुई मारपीट के बीच मोहल्ले के लोगों ने एकजुट होकर विरोध किया, जिससे हमलावरों को पीछे हटना पड़ा। तनाव बढ़ने पर विकास महतो अपने भाइयों और परिवारवालों के साथ घर की चहारदीवारी के भीतर चले गए। आरोप है कि इसी दौरान एक हमलावर पिस्टल लेकर घर के अंदर दाखिल हुआ और गोली चला दी। गोली लगने से घायल मिथिलेश ने बाद में दम तोड़ दिया।

इस घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी और सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि विवाद और मारपीट की जानकारी पहले ही पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन यदि समय रहते टीम पहुंचती तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी। हालांकि, पुलिस के देर से पहुंचने के दावों और उसके पीछे की वजहों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। बता दे कि रांची में बीते दो दिनों के भीतर हत्या की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे शहर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर चिंताएं और गहरा गई हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *