पलामू जिले के छतरपुर में आज पुलिस ने दागियों की परेड कराई है। इस परेड से पुलिस ने कड़ा संदेश देने का काम किया है। अनुमंडल क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों में कानून का भय बना है और पुलिस प्रशासन पर लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है। लोगों को लगने लगा है कि अपराध में उनकी संलिप्तता रही तो बख्शे नहीं जाएंगे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम होने की उम्मीद है।

पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार के कार्यालय में दागी परेड के साथ क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। दागी परेड में अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चिन्हित 22 दागी उपस्थित हुए।


एसडीपीओ ने सभी को उनकी वर्तमान गतिविधियों और स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कोई भी व्यक्ति आपराधिक गतिविधियों में शामिल न हो और न ही अपराधियों को सहयोग या संरक्षण दे। पुलिस उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद हुई क्राइम मीटिंग में अनुमंडल के थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ अपराध की स्थिति की समीक्षा की गई। लंबित कांडों, वारंट व कुर्की, फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और गंभीर मामलों में हुई कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा हुई।
एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने थाना प्रभारियों को दागी और सक्रिय अपराधियों का नियमित सत्यापन करते हुए उन पर सतत निगरानी रखने तथा जरूरत पड़ने पर निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्ती व वाहन जांच बढ़ाने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *