राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के छह राज्यों में राज्यपालों की नई नियुक्तियों और फेरबदल की घोषणा की है।
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, झारखंड के पलामू संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सदस्य रह चुके वरिष्ठ भाजपा नेता ब्रज मोहन राम को ओडिशा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
उनके इस नए दायित्व मिलने से झारखंड के राजनीतिक गलियारों में हर्ष का माहौल है। इसके अलावा अन्य राज्यों में भी फेरबदल किए गए हैं।
ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम से स्थानांतरित कर केरल का राज्यपाल बनाया गया है, जबकि केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक और डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, दुष्यंत गौतम सिक्किम के नए राज्यपाल होंगे। राष्ट्रपति भवन के अनुसार, यह सभी नियुक्तियां संबंधित राज्यपालों के पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी मानी जाएंगी।
