जहां-तहां बिखरी पड़ी है इंडोर में भर्ती होने वाले मरीजों की डिटेल
सदर अस्पताल में हर समय भर्ती रहते हैं 500 से अधिक मरीज
इमरजेंसी में भी हर दिन पहुंचते हैं 200 से ज्यादा मरीज
रांची: सदर अस्पताल रांची के मेडिकल रिकॉर्ड डिपार्टमेंट (MRD) में मरीजों के दस्तावेजों के रखरखाव को लेकर भारी लापरवाही देखने को मिल रही है। अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले और भर्ती होने वाले मरीजों की केस हिस्ट्री व मेडिकल रिपोर्ट को व्यवस्थित तरीके से रखने का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है। आलम यह है कि इंडोर में भर्ती होने वाले मरीजों की अहम फाइलें और डिटेल विभाग में जहां-तहां बिखरी पड़ी हैं।
अस्पताल में मरीजों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, सदर अस्पताल के विभिन्न वार्डों में हर समय 500 से अधिक मरीज भर्ती रहते हैं। ओपीडी में भी हर दिन 2000 के करीब मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इसके अलावा इमरजेंसी विभाग में भी रोजाना 200 से ज्यादा मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के आने के बावजूद उनके मेडिकल रिकॉर्ड को सहेजने के लिए विभाग के पास न तो पर्याप्त जगह है और न ही कोई व्यवस्था।
फाइलों के अव्यवस्थित तरीके से रखे होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है, जब किसी मरीज या उसके परिजनों को पुरानी रिपोर्ट या डिस्चार्ज समरी की जरूरत पड़ती है। कागजातों के अंबार के बीच एक रिपोर्ट तलाशने में कर्मचारियों और परिजनों के पसीने छूट जाते हैं। कई बार घंटों की मशक्कत के बाद भी दस्तावेज नहीं मिल पाते। कानूनी मामलों (मेडिको-लीगल केस) या बीमा क्लेम के समय सही रिकॉर्ड न मिलने से मरीजों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। अस्पताल प्रबंधन की इस उदासीनता से न केवल कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है, बल्कि मरीजों को भी अनावश्यक भागदौड़ करनी पड़ रही है।