रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी रांची में प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एनडीआरफ (NDRF) की टीम पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। मंगलवार सुबह जवानों की एक विशेष टीम ने रांची के धुर्वा डैम पहुंचकर वहां के सुरक्षा और संभावित जोखिम वाले स्थानों का जायजा लिया।

छठ पर्व के दौरान अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए शहर के प्रमुख जलाशयों, तालाबों और नदी घाटों पर भारी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। इस दौरान जलस्रोतों के पास अचानक बढ़ने वाली भीड़, फिसलन और गहरे पानी में जाने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इन्हीं जोखिमों से निपटने के लिए एनडीआरफ ने धुर्वा डैम परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में फ्लैग मार्च एवं रूट मार्च किया।

निरीक्षण के दौरान जवानों ने जलाशय के गहराई वाले संवेदनशील स्थलों की पहचान की और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच सुरक्षा का विश्वास जगाना तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करना है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से भी अपील की जा रही है कि वे पूजा के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करें, गहरे पानी में जाने से बचें। केवल चिन्हित एवं सुरक्षित स्थानों से ही भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *