कोलेबिरा थाना क्षेत्र के कॉलेज टोली में मारपीट एवं स्कूटी क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहुटोली निवासी लक्ष्मी प्रसाद उर्फ सत्यदेव प्रसाद के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को कॉलेज टोली में एक व्यक्ति के साथ मारपीट की घटना हुई थी। आरोप है कि जगन्नाथ प्रसाद उर्फ जग्गू प्रसाद ने उसके साथ मारपीट की और जमीन पर गिरने के बाद भी लात-घूंसों से हमला किया। इसके बाद लक्ष्मी प्रसाद को भी मौके पर बुलाए जाने तथा दोनों आरोपियों द्वारा मारपीट करने का आरोप लगाया गया। घटना में पीड़ित के पैर में गंभीर चोट व फ्रैक्चर के साथ सिर में चोट लगने की बात सामने आई है। आरोपियों पर स्कूटी क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप है।

मामले में कोलेबिरा थाना कांड संख्या 62/26, दिनांक 21 सितंबर 2026 को बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले के प्राथमिक आरोपी जगन्नाथ प्रसाद उर्फ जग्गू प्रसाद को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

दूसरे आरोपी लक्ष्मी प्रसाद उर्फ सत्यदेव प्रसाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में 26 सितंबर को पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने वादिनी एवं उनके पति के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *