रांची: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत चुनावी कार्यों, अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन और अभिलेखों के संधारण को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी 30 नवंबर को होने वाले अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले सभी तार्किक विसंगतियों और ‘नो मैपिंग’ के मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

समीक्षा के दौरान निर्वाचन कार्यों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर डीसी ने बुंडू की एलआरडीसी छवि बाला और बुंडू के अंचल अधिकारी हंस हेम्ब्रम को शोकॉज जारी किया है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि अगले तीन दिनों के भीतर कार्य में सुधार नहीं हुआ, तो दोनों अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, जिले के औसत प्रदर्शन से नीचे रहने वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को भी शोकॉज करने का निर्देश दिया गया है।

छठ महापर्व को लेकर निर्देश

  • छठ घाटों की सफाई: आगामी छठ महापर्व को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों व छठ घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा छठ समितियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
  • कार्यालयों में सुधार: डीसी ने सभी बीडीओ और सीओ को निर्देश दिया कि वे अपने कार्यालयों में आने वाले आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक व संवेदनशील व्यवहार करें और बिचौलियों की भूमिका पर पूरी तरह रोक लगाएं।
  • आदिवासी भूमि की सुरक्षा: बैठक में यह कड़ा निर्देश दिया गया कि यदि किसी भी अंचल में आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलती है तो सीधे तौर पर संबंधित अंचल अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *