रांची: झारखंड में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। सुबह और रात के समय चल रही सर्द हवाओं से कनकनी बढ़ गई है, जबकि दिन में आसमान साफ रहने और धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य में अगले पांच दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। हालांकि, सुबह के वक्त कई हिस्सों में कोहरा और रात में बढ़ती ठंड को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले तीन दिनों तक राज्य के न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। लेकिन इसके बाद के दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बावजूद सुबह और रात की ठंड से तुरंत राहत मिलने की उम्मीद कम है। मौसम केंद्र के 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक के विस्तारित पूर्वानुमान में पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की बात कही गई है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य या उससे थोड़ा नीचे रह सकता है, वहीं फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
मौसम केंद्र ने बताया कि 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक राज्य के अलग-अलग इलाकों में सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रह सकता है, जो दिन चढ़ने के साथ साफ हो जाएगा। इसके बाद 2 और 3 दिसंबर को भी सुबह के वक्त कोहरा या कुहासा देखने को मिल सकता है, जिससे सुबह के समय दृश्यता पर असर पड़ सकता है।
बीते 24 घंटों के दौरान पूरे झारखंड में मौसम शुष्क रहा। इस अवधि में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया, जिससे वहां सबसे ज्यादा ठंड रही। दूसरी ओर, पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर-एडब्ल्यूएस में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बालूमाथ में भी ठंड का खासा असर है, जहां 26 से 28 नवंबर के बीच न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री और 29 व 30 नवंबर को 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।