जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की प्रबंधकीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वप्रथम पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
इसके बाद विभिन्न जनप्रतिनिधियों की ओर से प्रस्तावित विकास योजनाओं की सूची पर चर्चा करते हुए उनकी समीक्षा की गयी।इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्रों का समुचित विकास प्रशासन की प्राथमिकता है। विशेष रूप से खनन क्षेत्रों के आसपास संचालित विद्यालयों पर ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यालयों की जरूरतों और सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाना चाहिए, ताकि वहां पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी,वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला खनन पदाधिकारी समेत संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।