झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत गढ़वा जिले में विकास योजनाओं की समीक्षा, जनजागरूकता और स्थानीय कला-संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में आज समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त श्रीमती प्रेमलता मुर्मू की अध्यक्षता में वीबी–जी राम जी अभियान से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रखंडों के कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता शामिल हुए।

बैठक के दौरान अभियान से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्वच्छता बनाए रखने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई।

*जिले के सभी 47 संकुल संगठनों में लोक-संस्कृति की मनमोहक छटा*

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा (17 से 27 नवंबर) के अंतर्गत झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के तत्वावधान में जिले के सभी प्रखंडों के 47 संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारी समितियों (संकुल संगठन/CLF) में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में सखी मंडल की दीदियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ अपनी कला एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रमों के दौरान दीदियों ने झारखंड की समृद्ध जनजातीय एवं स्थानीय लोक-संस्कृति को दर्शाते हुए पारंपरिक लोकगीत और सामूहिक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही नाटक, गीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा, स्वच्छता, नशामुक्ति, लैंगिक समानता एवं महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता का संदेश दिया गया।

सभी 47 संकुल संगठनों में आयोजित इन कार्यक्रमों में ग्रामीण महिलाओं के साथ स्थानीय लोगों ने भी भागीदारी की। JSLPS के पदाधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य स्थानीय कला एवं संस्कृति को संरक्षित करना, ग्रामीण महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देना तथा उनमें आत्मविश्वास और सामुदायिक एकता की भावना को मजबूत करना है। स्थापना दिवस पखवाड़ा के आगामी चरण में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर सहित अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

*टाउन हॉल में जिला स्तरीय सांस्कृतिक गीत-संगीत प्रतियोगिता-सह-स्क्रीनिंग*

झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार के सांस्कृतिक कार्य निदेशालय द्वारा आज 23 नवंबर 2026 को गढ़वा के टाउन हॉल में जिला स्तरीय सांस्कृतिक गीत-संगीत प्रतियोगिता-सह-स्क्रीनिंग का आयोजन किया जा रहा है।

इस प्रतियोगिता में 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यक्रम में गजल, हिंदी गीत, नागपुरी गीत एवं नृत्य, भजन, सूफी गायन तथा क्षेत्रीय भाषाओं के गीत-संगीत की प्रस्तुतियां शामिल हैं। इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय एवं क्षेत्रीय कला-संस्कृति को प्रोत्साहन देना तथा युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना है।

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में आयोजित ये विविध कार्यक्रम विकास कार्यों की समीक्षा, स्वच्छता एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूकता, महिला सशक्तिकरण, स्थानीय लोक-संस्कृति के संरक्षण और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *