रांची: राजधानी के चान्हो थाना क्षेत्र में मेला घूमने गई एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उसकी सहेली से छेड़छाड़ करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। मंगलवार को मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार की है, जब दोनों युवतियां अपने छह पुरुष मित्रों के साथ स्थानीय मेला देखने गई थीं। इसी दौरान आरोपी दोनों को बहला-फुसलाकर पास के जंगल में ले गए, जहां एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और दूसरी के साथ छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पीड़िताओं के बयान के आधार पर रविवार को ही भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। रांची ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि इस वारदात में कुल छह आरोपी शामिल थे, जिनमें से चार को पकड़ा जा चुका है। दुष्कर्म पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, फरार चल रहे शेष दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
[…] https://zindagijindabaad.com/four-arrested-including-minor-in-ranchi-chanho-gangrape-molestation-cas… […]