रांची । जिंदगी जिंदाबाद
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की प्रबंधकीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (PMKKKY) अंतर्गत संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन, स्वीकृत योजनाओं की प्रगति, प्राप्त आय-व्यय, नई योजनाओं के प्रस्ताव तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि कुछ योजनाएं तकनीकी, प्रशासनिक अथवा अन्य कारणों से प्रासंगिक नहीं रह गई हैं। ऐसी योजनाओं को नियमानुसार ड्रॉप करने का निर्णय लिया गया। साथ ही जिन योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है, उन्हें समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित विभागों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों को दिए गए।बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त नए प्रस्तावों पर भी विचार किया गया तथा आवश्यकतानुसार उन्हें अग्रेतर कार्रवाई के लिए स्वीकृति प्रदान की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि डीएमएफटी निधि का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, पुल-पुलिया तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यों को प्राथमिकता देते हुए किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।समीक्षा के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण कराया जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, वन प्रमंडल पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता समेत अन्य मौजूद रहे।