रांची: रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में एक बंद कमरे से पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। मृतक अपनी बुजुर्ग मां के साथ इसी कमरे में रहता था और दोनों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी। घटना का खुलासा तब हुआ जब कमरे से तेज बदबू आने लगी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना अरगोड़ा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सतीश गोराई के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। तब तक शव आंशिक रूप से सड़ चुका था, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि मौत करीब दो दिन पहले ही हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच के अनुसार मां-बेटे की माली हालत इतनी दयनीय थी कि वे लोगों से मांगकर अपना गुजारा कर रहे थे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और छानबीन में जुटी हुई है।