“जामताड़ा मेडिकल कॉलेज जामताड़ा की धड़कन है, गरीबों की दुआओं का असर है।” — डॉ. इरफान अंसारी
रांची, 15 अक्टूबर 2026।
जामताड़ा के लिए आज का दिन ऐतिहासिक उपलब्धि की दिशा में एक बड़ा कदम है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की पहल पर जामताड़ा मेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से पीपीपी मॉडल के तहत मेडिकल कॉलेज परियोजना के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) जारी किया गया है। मुख्यमंत्री आदरणीय श्री हेमंत सोरेन जी जल्द ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज में 100 एमबीबीएस सीटें होंगी। इसके साथ ही जामताड़ा सदर अस्पताल की वर्तमान 100 बेड की क्षमता को बढ़ाकर 420 बेड करने की योजना है। इससे जामताड़ा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मेडिकल शिक्षा के नए अवसर खुलेंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
इस परियोजना के लिए मणिमहेश हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड, आई केयर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च तथा डॉ. बिधान चंद्र रॉय हॉस्पिटल से संबंधित चयन प्रक्रिया के तहत LOI जारी किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोली ₹1 पर प्राप्त हुई है।
राज्य सरकार पीपीपी मॉडल के तहत रांची, खूंटी, जामताड़ा, गिरिडीह और धनबाद में भी मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की दिशा में काम कर रही है। यह पहल झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और आम जनता तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण है।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा:
“जामताड़ा मेडिकल कॉलेज सिर्फ एक संस्थान नहीं है, बल्कि यहां के लाखों लोगों के सपनों, गरीबों की उम्मीदों और उनकी दुआओं का परिणाम है। यह जामताड़ा की धड़कन है, यहां की जनता के विश्वास का प्रतीक है और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव बनेगा।”
उन्होंने कहा कि जामताड़ा की पहचान अब केवल पुरानी छवि तक सीमित नहीं रहेगी। मेडिकल कॉलेज और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के माध्यम से जामताड़ा विकास, चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।
“जामताड़ा की जनता ने मुझे जो प्यार, आशीर्वाद और विश्वास दिया है, मैं उसे कभी नहीं भूल सकता। गरीबों की दुआओं और मुख्यमंत्री आदरणीय हेमंत सोरेन जी के मार्गदर्शन से आज जामताड़ा मेडिकल कॉलेज का सपना साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मेरा सपना है कि गरीब से गरीब व्यक्ति को भी अपने जिले में बेहतर इलाज मिले, किसी मां को अपने बच्चे के उपचार के लिए दूर न जाना पड़े और किसी परिवार को इलाज के लिए अपना घर-बार न बेचना पड़े।”
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जनता की सेवा ही उनका सबसे बड़ा धर्म है। उनका संकल्प है कि स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जाए, गरीबों को बेहतर इलाज मिले और विकास का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर व्यक्ति तक पहुंचे।
“जनता की दुआएं मेरी ताकत हैं, जनता का विश्वास मेरी पूंजी है और जामताड़ा का विकास मेरी सबसे बड़ी पहचान है।” — डॉ. इरफान अंसारी
इस महत्वपूर्ण अवसर पर उपस्थित अधिकारी
इस महत्वपूर्ण अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह, विशेष सचिव श्रीमती नेहा अरोड़ा, स्कूटी डायरेक्टर श्री शशि प्रकाश सिंह, श्री बाघमारी प्रसाद कृष्णा, रिम्स के डायरेक्टर डॉ. वी.के. सिंह एवं सुपरिटेंडेंट श्री हरेंद्र बेरवा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी के सामूहिक प्रयास और सहयोग से जामताड़ा मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल आगे बढ़ी है।
डॉ. इरफान अंसारी ने संकल्प दोहराया कि वे दिन-रात मेहनत करते रहेंगे, ताकि जामताड़ा के गरीबों को बेहतर इलाज मिले और आने वाली पीढ़ियां गर्व से कह सकें कि हमारे जामताड़ा ने विकास की नई पहचान बनाई है।
https://zindagijindabaad.com/paid-tribute-to-the-late-shibu-soren-and-s/?_thumbnail_id=4506
https://zindagijindabaad.com/a-grand-holding-area-with-a-capacity-of-2500/
https://zindagijindabaad.com/cyber-fraud-hub-operating-out-of-two/