=======================
*_कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से झारखंड डेफ(बधिर) क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल एवं भारतीय डेफ क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टाटा डिगवाडीह स्टेडियम, धनबाद में आयोजित डेफ क्रिकेट टूर्नामेंट/सीरीज़ के फाइनल में नेपाल को पराजित कर खिताब जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल देश, बल्कि झारखंड के लिए भी गर्व का विषय है। भारतीय डेफ(बधिर )क्रिकेट टीम में झारखंड के कई खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व करना राज्य की खेल प्रतिभा, समर्पण और क्षमता का प्रमाण है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में झारखंड डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव श्री रंजीत कुमार, डेफ क्रिकेट टीम के कप्तान श्री सोनू सिंह, खिलाड़ी श्री रुस्तम हुसैन, श्री शोएब अख्तर, श्री दीपक कुमार एवं अनुवादक श्रीमती रीमा साहु उपस्थित थीं।_*
=====================
