रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में रविवार को एसोसिएशन ऑफ आरएमसीएच-रिम्स एलुमनाई (ARRA) के तत्वावधान में वार्षिक पूर्ववर्ती छात्र समागम ‘पुनर्मिलन-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से आए आरएमसीएच और रिम्स के पूर्ववर्ती चिकित्सकों ने शिरकत कर अपने छात्र जीवन की पुरानी यादों को ताजा किया। इस दौरान सहपाठियों और शिक्षकों के साथ अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से 1971 प्रवेश और 1976 पासिंग-आउट बैच के गोल्डन जुबिली चिकित्सकों के साथ-साथ 2001 बैच के सिल्वर जुबिली चिकित्सकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

 रिम्स निदेशक, वरिष्ठ चिकित्सकों और पूर्ववर्ती शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति के बीच विभिन्न पीढ़ियों के डॉक्टरों का यह मिलन संस्थान की समृद्ध शैक्षणिक परंपरा और सेवा भावना का प्रतीक बना। इस अवसर पर वरिष्ठ एलुमनाई ने एमबीबीएस के मेधावी विद्यार्थियों और टॉपर्स को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया और चिकित्सा क्षेत्र में नैतिकता व मानवीय संवेदनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2009 से प्रतिवर्ष आयोजित हो रहा ‘पुनर्मिलन’ संस्थान के विकास में पूर्ववर्ती छात्रों की सहभागिता और वर्तमान विद्यार्थियों के मार्गदर्शन का एक सशक्त मंच बनकर उभरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *