रांची: पटना में आयोजित द्वितीय सिको काई ईस्ट इंडिया कराटे चैंपियनशिप 2026 में झारखंड के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए एक रजत और दो कांस्य सहित कुल तीन पदक अपने नाम किए हैं। इंटरनेशनल मार्शल आर्ट अकादमी की खिलाड़ी अनाया मृणालिनी कुजूर ने दोहरी सफलता हासिल करते हुए अंडर-13 बालिका काता स्पर्धा में रजत और अंडर-47 किलोग्राम भार वर्ग की कुमिते स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। वहीं, अकादमी की ही काव्या अंजनी वर्मा ने अंडर-40 किलोग्राम कुमिते वर्ग में बेहतरीन खेल दिखाते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन (KIO) के ट्राइबल एंड माइनॉरिटी कमीशन के चेयरमैन और अकादमी के तकनीकी निदेशक रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया और कहा कि कठिन मुकाबलों में खिलाड़ियों की मेहनत और कौशल ने राज्य का मान बढ़ाया है। दूसरी ओर अकादमी के अध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए जल्द ही दोनों पदक विजेताओं के लिए सम्मान समारोह आयोजित करने की बात कही है।