समारोह में डॉ. शोभना और हिरामन कोरवा को किया गया सम्मानित
राज्य की जानी मानी स्वयंसेवी संस्था सोसायटी फॉर सोशल अवेयरनेस (सेसा) के द्वारा आयोजित दो दिवसीय जोहार महोत्सव शनिवार से शुरू हुआ। इसका उदघाटन सांसद वीडी राम भगवान बिरसा मुंडा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शहीद बिरसा मुंडा, शहीद नीलांबर, पीतांबर, संविधान सभा के दो सदस्यों यदुवंश सहाय ‘यदु बाबू’, अमिय कुमार घोष ‘गोपा बाबू’ और सेसा के अध्यक्ष रहे प्रो. सुभाष चंद्र मिश्रा की तस्वीर के समक्ष श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जोहार महोत्सव में डॉ. शोभना और हिरामन कोरवा को सामाजिक कार्य में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मौके पर सांसद सांसद वीडी राम ने कहा कि हिरामन कोरवा ने झारखंड की भाषाओं और लिपियों पर महत्वपूर्ण काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इनका जिक्र मन की बात में किया था। उन्होंने सेसा द्वारा किए जा रहे सामाजिक, शैक्षणिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेसा निरंतर समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और विकास की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।उन्होंने कहा कि जोहार महोत्सव जैसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं एवं सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों, प्रतिभाओं एवं समुदायों को अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। इससे हमारी सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा मिलती है तथा समाज में आपसी सद्भाव और एकजुटता की भावना मजबूत होती है। डॉ शोभना योध सिंह नामधारी महिला कॉलेज की प्राचार्य डॉ . मोहिनी गुप्ता ने और हिरामन कोरवा को इप्टा के जिला अध्यक्ष प्रेम भसीन ने शॉल और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया। अतिथियों का स्वागत संस्था की कार्यपालक निदेशक डॉ.जसबीर बग्गा, स्वागत भाषण महासचिव डॉ.कौशिक मल्लिक ने और संचालन डॉ. सुप्रिया सोनालिका ने किया। इस मौके पर ग्रासीम इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेहला के अनिल गिरि, नाबार्ड के सुमित कुमार गुप्ता, संत मरियम आवासीय विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव, रजनी कांत पांडेय, रवींद्र त्रिपाठी, पंकज श्रीवास्तव, प्रभात सुमन, किसलय तिवारी, डॉ. मिनी टुडू, जेनिफर गुड़िया, डॉ . संगीता कुजूर, डॉ . दीपक कुमार पंडित, अजय कुमार, ज्योति टोप्पो सहित कई लोग मौजूद थे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगी
सेसा के महासचिव डॉ कौशीक मल्लीक ने बताया कि जोहार महोत्सव के दूसरे दिन महाश्वेता देवी के उपन्यास जंगल के दावेदार पर आधारित नाटक का मंचन और कई अन्य प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। साथ में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
