रांची: राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के न्यूरोसर्जरी विभाग ने एक बेहद चुनौतीपूर्ण ब्रेन सर्जरी को सफलतापूर्वक कर दिया है। विभाग के अध्यक्ष डॉ. आनंद प्रकाश के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने मरीज के मस्तिष्क के पिछले हिस्से (पोस्टीरियर फोसा) और सेरिबेलम में मौजूद एक विशाल लीजन को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, निकाला गया यह लीजन देखने में किसी परजीवी के बड़े अंडे जैसा प्रतीत हो रहा था। हालांकि, इसकी वास्तविक प्रकृति और अंतिम निदान की पुष्टि बायोप्सी यानी हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

मस्तिष्क का पोस्टीरियर फोसा और सेरिबेलम हिस्सा अत्यंत संवेदनशील माना जाता है, जहाँ जीवन और संतुलन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण संरचनाएँ तथा नाजुक नसें मौजूद रहती हैं। ऐसे संवेदनशील हिस्से में सर्जरी के दौरान जरा सी चूक भी गंभीर जोखिम पैदा कर सकती है, इसलिए इस प्रक्रिया में उच्च स्तर की सर्जिकल दक्षता और सावधानी की आवश्यकता होती है।

डॉ. आनंद प्रकाश ने आधुनिक ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप और माइक्रोसर्जिकल तकनीकों की मदद से ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा किया। सर्जरी के दौरान मस्तिष्क के अहम हिस्सों और संवेदनशील नसों को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया। इस जटिल ऑपरेशन को सफल बनाने में न्यूरोसर्जरी टीम के साथ एनेस्थीसिया विभाग और ओटी स्टाफ की अहम भूमिका रही। चिकित्सकों के मुताबिक, इस तरह की जटिल न्यूरोसर्जरी के सफल होने से राज्य के मरीजों को काफी राहत मिलेगी और उन्नत इलाज के लिए उन्हें दूसरे राज्यों का रुख करने की जरूरत कम पड़ेगी।

CME बताई गई तकनीक

इसी क्रम में शनिवार को रिम्स के जेनेटिक्स एवं जीनोमिक्स विभाग की ओर से ACCLMP 2027 के अंतर्गत झारखंड स्टेट चैप्टर के 15वें प्री-कॉन्फ्रेंस सीएमई का भी आयोजन किया गया। “Molecular Diagnostics Approaches for Evidence-Based Clinical Decision: Detecting the Undetectable” विषय पर आधारित इस कार्यक्रम में राँची, हजारीबाग, धनबाद, जमशेदपुर और दुमका सहित विभिन्न जिलों के विशेषज्ञों व चिकित्सकों ने हिस्सा लिया।

आयोजन समिति की अध्यक्ष डॉ. अनुपा प्रसाद और आयोजन सचिव डॉ. साकेत वर्मा के नेतृत्व में हुए इस सत्र में कैंसर, आनुवंशिक विकारों और जटिल बीमारियों की शुरुआती पहचान में मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स, जेनेटिक टेस्टिंग, बायोमार्कर्स तथा होल एक्सोम सीक्वेंसिंग (डब्ल्यूईएस) की उपयोगिता पर विस्तार से मंथन किया गया। उद्घाटन सत्र में रिम्स निदेशक, चिकित्सा अधीक्षक, अपर चिकित्सा अधीक्षक, डीन एग्जामिनेशन सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, रेजिडेंट चिकित्सक और शोधार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed