होल्डिंग टैक्स भरने में राजधानी के 60% लोग नहीं दिखा रहे इंटरेस्ट 

3 लाख हाउसहोल्डर है रांची नगर निगम में रजिस्टर्ड 

37 पर्सेंट लोग रेगुलर जमा कर रहे हैं अपना होल्डिंग टैक्स 

रांची: राजधानी की शहरी व्यवस्था और विकास कार्यों को गति देने वाला रांची नगर निगम इस समय गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा है। निगम के खजाने की हालत खस्ता हो रही है। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण शहरवासियों द्वारा होल्डिंग टैक्स (संपत्ति कर) जमा करने में बरती जा रही उदासीनता है। आंकड़ों के मुताबिक राजधानी के 60 प्रतिशत से अधिक लोग अपना होल्डिंग टैक्स चुकाने में कोई इंटरेस्ट नहीं दिखा रहे हैं। राजस्व वसूली के इस बेहद निराशाजनक ग्राफ को देखते हुए अब रांची नगर निगम ने सख्त रुख अपनाने का फैसला किया है। निगम प्रशासन अब बड़े छोटे सभी बकायेदारों से बकाया टैक्स की राशि के साथ-साथ तीन गुना तक पेनल्टी (जुर्माना) वसूलने की तैयारी में जुट गया है।

रांची नगर निगम के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो शहर में कुल लगभग 3 लाख हाउसहोल्डर (भवन मालिक) निगम के पास रजिस्टर्ड हैं। शहर के बुनियादी ढांचे, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और जलापूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए इन सभी संपत्ति मालिकों से समय पर टैक्स मिलना बेहद जरूरी है। हालांकि, जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। रजिस्टर्ड 3 लाख हाउसहोल्डर में से महज 37 प्रतिशत लोग ही ऐसे हैं, जो एक जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाते हुए नियमित रूप से अपना होल्डिंग टैक्स जमा कर रहे हैं। लगभग 63 प्रतिशत लोगों ने लंबे समय से टैक्स का भुगतान नहीं किया है, जिसके कारण निगम का करोड़ों रुपये का राजस्व में फंसा हुआ है।

लगातार घटती आमदनी और बढ़ते खर्चों के कारण निगम के सामने अब कर्मचारियों के वेतन भुगतान से लेकर शहर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने तक की चुनौती खड़ी हो गई है। बार-बार अपील करने और छूट देने के बावजूद जब करदाताओं ने टैक्स जमा करने में रुचि नहीं दिखाई, तो निगम ने अब कड़ा कदम उठाने का मन बना लिया है। नई कार्ययोजना के तहत निगम की टीम अब ऐसे डिफॉल्टरों की सूची तैयार कर रही है, जिन्होंने लंबे समय से होल्डिंग टैक्स नहीं भरा है। इन बकायेदारों को पहले नोटिस जारी किया जाएगा और इसके बाद भी भुगतान न करने पर बकाया मूल राशि के साथ तीन गुना पेनल्टी वसूली जाएगी।

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि बिना सख्ती के राजस्व वसूली के लक्ष्य को हासिल करना नामुमकिन है। उन्होंने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि आने वाले दिनों में टैक्स वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि आर्थिक तंगी से उबरकर शहर के विकास कार्यों को फिर से पटरी पर लाया जा सके। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि लोग अगर अपना टैक्स समय पर जमा कर दें तो रांची नगर निगम को बड़ी सहूलियत होगी। टैक्स से से मिले इन पैसों से नगर निगम शहर के कई काम निपटा सकता है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *