रांची: मंगलवार सुबह राजधानी रांची के कई इलाकों में धरती के कंपन को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे क्लब रोड, लोवाडीह, खेलगांव और बहू बाजार समेत कुछ क्षेत्रों में कुछ सेकंड तक घरों के सामान और फर्नीचर में हलचल महसूस हुई, जिससे लोग चौंक गए। अचानक हुए इस अनुभव के बाद स्थानीय स्तर और सोशल मीडिया पर भूकंप के झटकों को लेकर तरह-तरह की बातें होने लगीं और लोग इसकी वजह जानने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान मंगलवार 24 नवंबर को सुबह करीब 7:02 बजे पड़ोसी देश नेपाल के कोशी प्रांत में 5.3 तीव्रता का भूकंप की जानकारी सामने आई, जिसका केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे बताया गया। लगभग इसी समय झारखंड के कुछ हिस्सों में कंपन की चर्चाओं के बाद लोग दोनों घटनाओं को जोड़ते हुए सवाल उठाने लगे। हालांकि, रांची समेत झारखंड के किसी भी हिस्से में भूकंप के झटके महसूस होने की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *