पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में सोमवार को शाहपुर स्थित साहोदय उच्च विद्यालय परिसर में प्रमंडल स्तरीय भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण तथा स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने फुटबॉल को किक मारकर दो दिवसीय प्रतियोगिता की शुरुआत की।

23 एवं 24 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में पलामू, गढ़वा और लातेहार जिले की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में तीरंदाजी, गुलेल, मटका दौड़, गोड़ी दौड़, भारा दौड़, सेकर, फुटबॉल, हॉकी एवं वॉलीबॉल सहित कुल नौ खेल विधाओं में मुकाबले होंगे। इनमें व्यक्तिगत एवं टीम स्पर्धाएं शामिल हैं।

प्रतियोगिता में विभिन्न खेल विधाओं में विजेता रहने वाली टीमों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रांची भेजा जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्र की पारंपरिक खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है।

इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी रतन सिंह, विभिन्न एथलीट,कोच सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *