रांची: चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड का मौसम बिगड़ गया है। गुरुवार से जारी लगातार बारिश, तेज हवाओं और घने कोहरे ने न केवल आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, बल्कि हवाई यातायात पर भी ब्रेक लगा दिया है। कम दृश्यता (विजिबिलिटी) के कारण बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से विभिन्न शहरों के लिए उड़ान भरने वाली कुल 14 फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है।

एयरपोर्ट प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार मौसम की मार सबसे ज्यादा दिल्ली और कोलकाता रूट पर पड़ी है। रद्द की गई उड़ानों में दिल्ली जाने वाली चार फ्लाइट्स और कोलकाता जाने वाली दो फ्लाइट्स शामिल हैं। इसके अलावा देश के अन्य प्रमुख शहरों के लिए भी विमानों का परिचालन पूरी तरह ठप रहा। इनमें हैदराबाद, पटना, मुंबई, भुवनेश्वर, चेन्नई, अहमदाबाद, पुणे और बेंगलुरु जाने वाली उड़ानें शामिल हैं।

इससे पहले शनिवार सुबह भी खराब मौसम के कारण एक बड़ा संकट टला, जब दिल्ली से रांची आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को कम दृश्यता के चलते लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। सुरक्षा के मद्देनजर विमान को तत्काल कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा। लगातार उड़ानें रद्द होने और रूट डायवर्ट किए जाने से एयरपोर्ट टर्मिनल पर यात्रियों की भीड़ और परेशानी बढ़ गई है।

हालात को देखते हुए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने अपील की है कि खराब मौसम के बीच किसी भी तरह की अनावश्यक असुविधा से बचने के लिए यात्री घर से निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइंस से संपर्क कर फ्लाइट की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *